• Last Update
नामांकन की सीमित क्षमता, दलालों की सक्रियता और अतिरिक्त वसूली के आरोप, प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग

रुदौली आधार सेवा केंद्र पर अव्यवस्था, बच्चों-बुजुर्गों को भारी परेशानी

अयोध्या। रुदौली ब्लॉक मुख्यालय स्थित आधार सेवा केंद्र पर अव्यवस्था और कुप्रबंधन के चलते आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आधार बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोग कई-कई दिनों तक चक्कर काटने को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि रोजाना 300 से अधिक लोग आधार सेवा केंद्र पहुंच रहे हैं, जबकि नामांकन और अपडेट की क्षमता बेहद सीमित बताई जा रही है।

सबसे अधिक दिक्कत बच्चों और उनके अभिभावकों को हो रही है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, स्कूलों में प्रवेश और अन्य सरकारी योजनाओं के लिए आधार अनिवार्य होने के कारण ऐसे बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिनका आधार या तो बना ही नहीं है या फिर अपडेट लंबित है। अभिभावक कड़ाके की ठंड में सुबह तड़के बच्चों को लेकर लाइन में लग जाते हैं और पूरा दिन अपनी बारी का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन कई बार उन्हें बिना काम हुए लौटना पड़ता है।

पीड़ितों की परेशानी दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। खुसका गांव की 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमती पिछले तीन दिनों से आधार सेवा केंद्र के चक्कर काट रही हैं। रुदौली कस्बे के मोहम्मद रिजवान चार दिनों से, हलीम नगर के अर्जुन मौर्या पांच दिनों से और सरयू नदी के उस पार ढेमा मांझा से आए विश्वनाथ पिछले तीन दिनों से लाइन में लगे हैं। अख्तियारपुर के अमरेश, कोलवा के मोहम्मद अब्बास सहित दर्जनों लोग इसी पीड़ा से गुजर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्र पर प्रतिदिन केवल 30 नामांकन होने की बात कही जाती है, जबकि वास्तविकता में 50 से अधिक नामांकन किए जा रहे हैं। इससे संदेह गहराता है कि चयनित लोगों का काम अंदर ही अंदर कर दिया जाता है। पीड़ितों का यह भी कहना है कि केंद्र पर दलाल सक्रिय हैं, जो अधिक पैसे देने वालों का काम तुरंत करवा देते हैं।

रुदौली कस्बे के मोहल्ला शेखाना निवासी मोहम्मद निजामुद्दीन राईन ने बताया कि कई दिनों की मशक्कत के बाद उनका आधार अपडेट हुआ, लेकिन रसीद पर 75 रुपये अंकित होने के बावजूद उनसे 125 रुपये वसूले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिरिक्त वसूली आम बात हो गई है और इसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अव्यवस्था का सबसे अधिक खामियाजा गरीब, बुजुर्ग और मासूम बच्चे भुगत रहे हैं। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि आधार सेवा केंद्र की कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार किया जाए, नामांकन और अपडेट की क्षमता बढ़ाई जाए, टोकन व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा दलालों और मनमानी वसूली पर सख्त कार्रवाई की जाए।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी संतोष जगराम ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई के लिए खंड विकास अधिकारी, रुदौली को पत्र लिखा जाएगा। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद ही आमजन को इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

You can share this news with others

अयोध्या में तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला, पीड़िता ने दर्ज कराई एफआईआर

कैंची धाम में बढ़ी जेन-जी की आस्था? बाबा नीब करौरी के दरबार में युवाओं की उमड़ती भीड़