अमेठी, उत्तर प्रदेश। अमेठी जिले के इन्हौना थाना क्षेत्र में तिलोई मार्ग पर किसान बीज भंडार के पास हुए सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के सराय गोपी निवासी विकास अपनी पत्नी मालती देवी (35) और सात वर्षीय बेटे विराट के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तिलोई मार्ग पर किसान बीज भंडार के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मालती देवी और उनके बेटे विराट को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास की हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मां-बेटे के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। अज्ञात वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।