• Last Update
दो पत्नियों के रहते तीसरी शादी, शराब के नशे में अमानवीय व्यवहार और पांच लाख की मांग न पूरी होने पर तीन तलाक का आरोप

अयोध्या में तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला, पीड़िता ने दर्ज कराई एफआईआर

अयोध्या। जिले में महिला उत्पीड़न से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें दो पत्नियों के रहते तीसरी शादी रचाने, शराब के नशे में अमानवीय व्यवहार करने और दहेज में पांच लाख रुपये न मिलने पर तीन तलाक देने के आरोप लगाए गए हैं। ससुराल पक्ष के कथित अत्याचार से पीड़ित विवाहिता ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 16 जनवरी 2025 को कराई गई थी। यह विवाह उसकी ननद अफसर जहां ने यह कहते हुए तय कराया कि युवक अविवाहित है। शादी के बाद पीड़िता को सच्चाई का पता चला कि उसका पति मोहम्मद इरशाद पुत्र मैकू, निवासी फतेहपुर, पहले से ही दो शादियां कर चुका है और उसकी दोनों पत्नियां जीवित हैं। इस तथ्य को उससे जानबूझकर छिपाया गया।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद पति उसे दिल्ली ले गया, जहां वह अक्सर शराब के नशे में उसके साथ अमानवीय व्यवहार करता था। चार दिन बाद एक महिला वहां पहुंची, जिसने स्वयं को इरशाद की पत्नी बताया। इस घटना से पीड़िता स्तब्ध रह गई। इसके बाद पति उसे बहाने से अपनी बहन अफसर जहां के घर ले आया।

विवाहिता के अनुसार ससुराल पहुंचते ही उस पर दहेज में पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। रकम न देने पर पति और ननद ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि 25 जनवरी 2025 की शाम पति मोहम्मद इरशाद, ननद अफसर जहां, सज्जो पत्नी जावेद और गुड़िया पत्नी नूरुद्दीन ने उसे जबरन कार में बैठाया और महादेवा के पास उतारकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान पति ने उसके छोटे भाइयों की हत्या की धमकी भी दी, जिससे वह गहरे भय और सदमे में आ गई।

पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद भी उस पर लगातार खेत बेचकर पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया जाता रहा। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के चलते वह अपने मायके चली गई। एक जनवरी 2026 को ननद अफसर जहां उसके मायके पहुंची और फिर से रुपये की मांग दोहराई। जब पीड़िता ने साफ इनकार किया तो ननद ने फोन पर पति से बात कराकर तीन तलाक दिलवा दिया।

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि महिला के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

यह मामला न केवल दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा की गंभीरता को दर्शाता है, बल्कि अवैध विवाह और तीन तलाक जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है। पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।

You can share this news with others

सीएम योगी की पीएम मोदी से लंबी मुलाकात, यूपी में मंत्रिमंडल फेरबदल के संकेत

रुदौली आधार सेवा केंद्र पर अव्यवस्था, बच्चों-बुजुर्गों को भारी परेशानी