• Last Update
प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद में दोस्त बने कातिल, सिर पर बाँके से वार कर शव सरयू में फेंका

अयोध्या में युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, दो दोस्तों ने ही रची थी मौत की साजिश

अयोध्या जनपद के थाना रौनाही क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड में कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतक के दो करीबी दोस्त ही उसके कातिल निकले। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया और बताया कि प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतक की पहचान शुभम रावत के रूप में हुई है, जो थाना खंडासा क्षेत्र के खानपुर गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार, शुभम की शादी हाल ही में हुई थी। इसी शादी से जुड़ी एक तस्वीर ने उसके जीवन का अंत कर दिया। आरोपी अंकुर पांडे ने शुभम की शादी की फोटो उसकी पुरानी प्रेमिका को भेज दी थी। यह फोटो देखकर प्रेमिका नाराज हो गई और शुभम से हमेशा के लिए अलग हो गई। इसी बात को लेकर शुभम और अंकुर के बीच विवाद गहराता चला गया।

वहीं, दूसरे आरोपी गिरीश रावत से भी शुभम का पहले से विवाद चल रहा था। दोनों आरोपियों के मन में शुभम के प्रति गहरी नाराजगी और बदले की भावना पनप रही थी। इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, 26 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने फोन कर शुभम को मिलने के लिए बुलाया। पहले उसे शराब पिलाई गई, ताकि वह पूरी तरह नशे में आ जाए और किसी तरह का विरोध न कर सके। इसके बाद आरोपियों ने बाँके (धारदार हथियार) से शुभम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को सरयू नदी में फेंक दिया गया।

शुरुआत में इस घटना को डूबने से हुई मौत बताया गया था। नदी से शव मिलने के बाद मामला संदिग्ध जरूर लगा, लेकिन ठोस सबूत न होने के कारण यह हादसा माना जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी। जब मृतक के दोस्तों से कड़ी पूछताछ की गई तो उनकी बातों में विरोधाभास सामने आया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा संभव हो सका। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बाँका और अन्य सबूत भी बरामद कर लिए हैं।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

You can share this news with others

Gestational Diabetes In Pregnancy: गर्भावस्था में डायबिटीज बन रही बड़ी चुनौती, अब हर महिला की जांच अनिवार्य

नए साल पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा: अब घर और दुकान का नक्शा मिनटों में होगा पास