• Last Update
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन के समापन सत्र में दिए सख्त निर्देश, सीमा सुरक्षा और आतंकवाद निरोधक तंत्र को तकनीकी रूप से मजबूत करने पर जोर

‘पुलिस मंथन’ 2025: अंतरराष्ट्रीय अनुदानित धर्मांतरण रैकेट पर AI से वार, सोशल मीडिया–साइबर अपराध पर जीरो टॉलरेंस

लखनऊ, 28 दिसंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘पुलिस मंथन’ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन–2025 के समापन सत्र में प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पुलिस व इंटेलिजेंस तंत्र को कई अहम और सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंतरराष्ट्रीय अनुदानित धर्मांतरण रैकेट, आतंकी गतिविधियों, नशीले पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अब तकनीक आधारित निर्णायक कार्रवाई का समय है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वित्तीय ट्रेल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और साइबर अपराध को प्रदेश की शांति व सामाजिक सौहार्द के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था, जातीय या धार्मिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले किसी भी आपत्तिजनक कंटेंट पर तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीपफेक, डार्कवेब, फेक अकाउंट और संगठित दुष्प्रचार अभियानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

धार्मिक उन्माद और जातीय विद्वेष फैलाने वालों पर सख्ती
सीएम योगी ने कहा कि जाति या धर्म के नाम पर समाज को बांटने, पुलिस पर दबाव बनाने या अराजकता फैलाने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आगाह किया कि कुछ असामाजिक तत्व महापुरुषों के नाम का दुरुपयोग कर नए संगठन बनाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस को ऐसे संगठनों की पृष्ठभूमि की गहन जांच कर उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए।

धार्मिक कन्वर्जन पर विशेष सतर्कता
मुख्यमंत्री ने धार्मिक कन्वर्जन की घटनाओं को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि बलरामपुर जैसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि यह गतिविधियां संगठित रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों को निर्देश दिया कि धार्मिक कन्वर्जन से जुड़ी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए और सोशल मीडिया के माध्यम से इंटेलिजेंस को और मजबूत किया जाए, ताकि प्रारंभिक स्तर पर ही ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

सीमा सुरक्षा और आतंकवाद निरोधक तंत्र मजबूत होगा
मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के मद्देनजर सीमा निगरानी और आतंकवाद निरोधक तंत्र को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अनुदानित धर्मांतरण और आतंकी नेटवर्क की पहचान के लिए AI आधारित विश्लेषण, वित्तीय लेन-देन की ट्रैकिंग और आधुनिक सर्विलांस सिस्टम का व्यापक उपयोग किया जाए।

नशीले पदार्थ, गो-तस्करी और संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार
सीएम योगी ने नशीले पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अब अपराधी नेटवर्क के मास्टरमाइंड पर सीधा प्रहार किया जाए। गो-तस्करी के मामलों में केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे अपराधियों का मनोबल टूटेगा और प्रदेश में कड़ा संदेश जाएगा।

सम्मेलन में इन विषयों पर हुआ मंथन
‘पुलिस मंथन’ के दूसरे दिन विभिन्न सत्रों में आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस व होम गार्ड्स, विशाल जनसमूह (भीड़) प्रबंधन, खुफिया तंत्र और उभरती चुनौतियां जैसे सोशल मीडिया/एनजीओ व नेपाल सीमा, आतंकवाद-रोधी कार्रवाई, मादक पदार्थ, गो-तस्करी और अन्य संगठित अपराधों पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया गया।

You can share this news with others

यूपी की नौकरशाही कटघरे में: नवनीत सहगल के कथित 112 करोड़ के कमीशन नेटवर्क से हड़कंप

पत्नी के मायके जाने से नाराज पति बना ‘जेसीबी बुलडोजर’