नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरों पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक शांति के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में कहा कि रशियन फेडरेशन के राष्ट्रपति के घर को निशाना बनाने की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में टकराव और हिंसा नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति ही समस्याओं का स्थायी समाधान हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में पहले से ही तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं और ऐसे में किसी भी प्रकार की उकसावे वाली कार्रवाई शांति प्रयासों को कमजोर कर सकती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दुश्मनी को खत्म करने और स्थायी शांति स्थापित करने के लिए चल रही डिप्लोमैटिक कोशिशें ही सही दिशा दिखाती हैं।
प्रधानमंत्री ने सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हुए कहा कि वे संयम बरतें और ऐसे किसी भी कदम से बचें जिससे शांति स्थापना के प्रयास प्रभावित हों। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से बातचीत, आपसी सम्मान और अंतरराष्ट्रीय कानून के माध्यम से विवादों के समाधान का पक्षधर रहा है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच सुरक्षा हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं। राष्ट्रपति पुतिन के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सतर्क कर दिया है। हालांकि रूस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए जाने की बात कही जा रही है।
भारत की यह प्रतिक्रिया उसकी संतुलित विदेश नीति और वैश्विक शांति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पीएम मोदी का यह बयान एक बार फिर संकेत देता है कि भारत किसी भी तरह की हिंसा के बजाय संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देता है।