• Last Update
बंद मकान को बनाया निशाना, 18 लाख की चोरी; डीवीआर उखाड़कर ले गए चोर

काकोरी थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी की वारदात, पुलिस गश्त पर फिर उठे सवाल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिसने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घूरघूरी तालाब चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पान खेड़ा, मोहन रोड स्थित एक बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 18 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान मालिक धनंजय सिंह मूल रूप से फतेहपुर जिले के असोधर क्षेत्र के निवासी हैं और लखनऊ में ‘मैहर सिटी’ नाम से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वे आवश्यक कार्यवश फतेहपुर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर बीती देर रात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ा और भीतर घुसकर चोरी कर ली।

मकान मालिक के अनुसार, चोर करीब 2 लाख रुपये नकद और लगभग 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, चोरी के बाद सबूत मिटाने के इरादे से चोरों ने घर में लगा सीसीटीवी डीवीआर (DVR) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, जिससे घटना की रिकॉर्डिंग पुलिस को न मिल सके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी बड़े मामले का खुलासा नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त नाम मात्र की होती है, जिसका फायदा चोर लगातार उठा रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मोहन रोड और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियां अक्सर देखी जाती हैं, लेकिन समय रहते पुलिस सक्रिय नहीं होती। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। लोगों ने मांग की है कि इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्धों पर नजर रखी जाए और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए।

इस घटना ने काकोरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में केवल औपचारिकता निभाती है या फिर तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सक्रिय गश्त के जरिए आरोपियों तक पहुंचकर जनता का भरोसा जीत पाती है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस बार पुलिस ठोस कार्रवाई कर जल्द से जल्द चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।

You can share this news with others

अयोध्या में खाद्य सुरक्षा पर सख्ती: अमानक खाद्य पदार्थों पर कड़ा एक्शन, लाखों का जुर्माना व सजा

“मां की रोटियां” — एक सच्ची प्रतीक्षा की कहानी