• Last Update
भारी बजट और तगड़ी ओपनिंग के बावजूद कहानी, निर्देशन और VFX को लेकर उठे सवाल; कलाकारों की फीस बनी चर्चा का विषय

प्रभास की ‘द राजा साब’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 100 करोड़ पार, रिव्यू में फिसली फिल्म

पैन इंडिया स्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द राजा साब’ आखिरकार गुरुवार को पेड स्क्रीनिंग के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत दर्ज की है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही दुनिया भर में 100.90 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस तरह ‘द राजा साब’ ने साल 2026 में रिलीज होने वाली फिल्मों के लिए एक नया बेंचमार्क सेट कर दिया है।

हालांकि, शानदार कमाई के बीच एक कड़वा सच यह भी है कि फिल्म को क्रिटिक्स से वैसा समर्थन नहीं मिला, जैसी उम्मीद की जा रही थी। दर्शकों और समीक्षकों का मानना है कि फिल्म की कहानी में नयापन नहीं है। निर्देशन, एडिटिंग और जरूरत से ज्यादा VFX के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कई समीक्षाओं में यह बात सामने आई है कि भारी विजुअल इफेक्ट्स के बीच कलाकारों की परफॉर्मेंस दबकर रह जाती है।

मारुति के निर्देशन में बनी ‘द राजा साब’ को लेकर प्रभास की फिल्म सिलेक्शन पर भी चर्चा तेज हो गई है। ‘बाहुबली’ जैसी ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रभास से हर फिल्म में उसी स्तर की उम्मीद की जाती है, लेकिन आलोचकों का मानना है कि यह फिल्म उस कसौटी पर खरी नहीं उतरती। इसके बावजूद, प्रभास की फैन फॉलोइंग और पैन इंडिया स्टारडम का असर साफ तौर पर ओपनिंग कलेक्शन में देखने को मिला।

बताया जा रहा है कि फिल्म का कुल बजट 400 से 450 करोड़ रुपये के बीच है, जिसमें प्रोडक्शन, VFX और कलाकारों की फीस का बड़ा हिस्सा शामिल है। ऐसे में फिल्म के कलाकारों की फीस को लेकर भी सोशल मीडिया और ट्रेड सर्कल में खूब चर्चा हो रही है। हालांकि, मेकर्स की ओर से आधिकारिक तौर पर किसी की फीस का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रभास की फीस बजट का एक बड़ा हिस्सा मानी जा रही है। वहीं, अन्य प्रमुख कलाकारों और तकनीकी टीम को भी मोटी रकम दी गई है।

अब सबकी नजरें फिल्म के पहले वीकेंड और आने वाले दिनों के कलेक्शन पर टिकी हैं। अगर वर्ड ऑफ माउथ मजबूत नहीं रहा, तो भारी बजट के कारण फिल्म के लिए लागत निकालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हालांकि, ओपनिंग डे की रिकॉर्ड कमाई ने यह साफ कर दिया है कि प्रभास का स्टारडम अभी भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ा असर रखता है।

You can share this news with others

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में किया संगम स्नान, मां गंगा का विधिवत दर्शन-पूजन

बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद खेसारी लाल यादव का बड़ा बयान, बोले– “राजनीति में सच बोलने की कोई जगह नहीं”