लखनऊ।संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (JEECUP) ने पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। परिषद द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा मई 2026 में आयोजित की जाएगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इस परीक्षा में 10वीं और 12वीं पास छात्र-छात्राएं आवेदन के पात्र होंगे।
परिषद के अनुसार, पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षाएं 15 मई से 22 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन (CBT मोड) में कराई जाएगी। परीक्षा परिणाम 30 मई 2026 को घोषित किए जाने की संभावना है। परिणाम जारी होने के एक सप्ताह बाद से ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से अभ्यर्थियों को सीट आवंटित कर पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया 5 जून से 15 जुलाई 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित की जाएगी। इसमें अभ्यर्थी अपनी रैंक के अनुसार कॉलेज और ब्रांच का चयन कर सकेंगे। सभी सीटें मेरिट और विकल्प के आधार पर आवंटित की जाएंगी।
परिषद के सचिव कुमार सिंह ने जानकारी दी कि पॉलिटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पढ़ाई 1 अगस्त 2026 से शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति का कार्यक्रम फरवरी 2026 में जारी किया जाएगा।
सचिव कुमार सिंह ने कहा कि पॉलिटेक्निक शिक्षा युवाओं के लिए कम खर्च में तकनीकी दक्षता हासिल करने का बेहतरीन माध्यम है। इससे छात्र कम समय में रोजगार योग्य बनते हैं। पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा प्राप्त करने वाले छात्रों को आगे लेटरल एंट्री के माध्यम से बीटेक जैसे उच्च तकनीकी पाठ्यक्रमों में सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश का अवसर मिलता है, जिससे उनका समय और संसाधन दोनों बचते हैं।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि आवेदन से लेकर परीक्षा, परिणाम और काउंसलिंग तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से ही आवेदन करें और समय-समय पर अपडेट चेक करते रहें।