लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर ब्राह्मण एकजुटता को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश के ब्राह्मण विधायकों की अगली अहम बैठक जनवरी के पहले सप्ताह में आयोजित होने जा रही है। यह बैठक पत्रकार से विधायक बने और भाजपा नेता शलभ मणि त्रिपाठी के लखनऊ स्थित आवास पर होगी। खास बात यह है कि इस बार केवल विधायकों तक सीमित न रहते हुए सभी राजनीतिक दलों के ब्राह्मण सांसदों को भी इस बैठक में आमंत्रित किए जाने की खबर है।
सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर आपसी संवाद और समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से बुलाई जा रही है। बैठक को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि ब्राह्मण जनप्रतिनिधियों का साथ बैठकर खाना और चर्चा करना कोई गलत या आपत्तिजनक बात नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का ही हिस्सा है। आयोजकों का साफ संदेश है कि बैठकों का यह सिलसिला किसी दबाव या डर के कारण रुकने वाला नहीं है।
पिछली बैठकों के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में इस पहल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल महसूस की जा रही है। माना जा रहा है कि अलग-अलग दलों में बिखरे ब्राह्मण जनप्रतिनिधियों का एक मंच पर आना राजनीतिक संतुलन और रणनीति दोनों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। यही वजह है कि इस बैठक को लेकर सत्ता और विपक्ष, दोनों ही खेमों में हलचल देखी जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए सामाजिक समीकरणों की भूमिका और भी अहम हो जाती है। ऐसे में ब्राह्मण जनप्रतिनिधियों की साझा बैठक को एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। कुछ हलकों में यह भी चर्चा है कि इस तरह की बैठकों से “पूरा सिस्टम हैंग हो गया है”, क्योंकि यह पहल पारंपरिक पार्टी लाइन से इतर एक सामाजिक एकजुटता का संकेत देती है।
हालांकि, अभी तक बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इसमें ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों, राजनीतिक भागीदारी, संगठनात्मक समन्वय और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। सभी की निगाहें अब जनवरी के पहले सप्ताह में होने वाली इस बैठक पर टिकी हैं, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई दिशा या नई बहस को जन्म दे सकती है।