• Last Update
स्कीइंग हादसे के बाद इलाज के दौरान आया कार्डियक अरेस्ट, 49 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

देश के जाने-माने उद्योगपति और वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन हो गया है। वह मात्र 49 वर्ष के थे। इस दुखद खबर ने न सिर्फ अग्रवाल परिवार को, बल्कि उद्योग जगत और उन्हें जानने-समझने वाले हर व्यक्ति को गहरे शोक में डुबो दिया है।

अनिल अग्रवाल ने स्वयं सोशल मीडिया के जरिए अपने बेटे के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे दर्दनाक दिन बताया। भावुक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि बेटे को खोने का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनके इस संदेश के बाद देश-विदेश से शोक संवेदनाओं का सिलसिला शुरू हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, अग्निवेश अग्रवाल अपने एक करीबी दोस्त के साथ अमेरिका में स्कीइंग करने गए थे। इसी दौरान वह एक हादसे का शिकार हो गए। हादसा गंभीर था, जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए न्यूयॉर्क स्थित प्रसिद्ध माउंट साइनाई अस्पताल (Mount Sinai Hospital) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की और परिवार को भी उनके ठीक होने की उम्मीद थी।

हालांकि इलाज के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें कार्डिक अरेस्ट आया। तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और अस्पताल में ही उनका निधन हो गया। इस खबर के मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

अग्निवेश अग्रवाल एक निजी और सादगीपूर्ण जीवन जीने के लिए जाने जाते थे। वे लाइमलाइट से दूर रहते थे, लेकिन अपने काम और विचारों के लिए पहचाने जाते थे। वेदांता समूह से जुड़े कई सामाजिक और व्यावसायिक प्रयासों में उनकी सक्रिय भूमिका बताई जाती रही है। परिवार और करीबी लोग उन्हें एक संवेदनशील, समझदार और जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं।

अनिल अग्रवाल देश के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। खनन, धातु, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्र में वेदांता समूह का बड़ा नाम है। ऐसे में उनके बेटे के असमय निधन की खबर ने कॉरपोरेट जगत को भी झकझोर कर रख दिया है। कई उद्योगपतियों, नेताओं और सार्वजनिक हस्तियों ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह याद दिला दिया है कि जीवन कितना अनिश्चित है। एक सफल और संपन्न परिवार होने के बावजूद ऐसी व्यक्तिगत त्रासदी किसी को भी भीतर तक तोड़ सकती है। फिलहाल अग्रवाल परिवार इस अपूरणीय क्षति से उबरने की कोशिश कर रहा है।

You can share this news with others

हज़रतगंज के पार्क रोड चौकी क्षेत्र में पुलिस का सघन गश्त अभियान, चौकी प्रभारी मनोज कुमार मिश्रा ने टीम संग किया निरीक्षण

अमेठी में भाजपा विधायक सुरेश पासी का बयान बना सियासी विवाद, मुस्लिम वोटरों को लेकर टिप्पणी पर घमासान