उत्तर प्रदेश पुलिस में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्ष 2025 में रिकॉर्ड 60,244 सिपाही पदों पर भर्ती के बाद अब एक बार फिर 32,679 पदों पर सिपाही भर्ती की घोषणा की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने इस संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है।
भर्ती बोर्ड के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 30 जनवरी 2026 तक चलेगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, इस नई भर्ती के तहत सिपाही के कुल 32,679 पदों को भरा जाएगा। इससे पहले इसी साल 2025 में 60,244 पदों पर ऐतिहासिक भर्ती कराई गई थी, जिसे अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती माना गया।
इस बार भी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से मजबूत बनाए जाने का दावा किया गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि बिना वन टाइम रजिस्ट्रेशन के कोई भी उम्मीदवार आवेदन नहीं कर पाएगा।
भर्ती बोर्ड के अनुसार, OTR सिस्टम लागू करने का उद्देश्य फर्जीवाड़े पर रोक लगाना और उम्मीदवारों की पहचान को प्रमाणिक बनाना है। एक बार OTR करने के बाद अभ्यर्थी भविष्य की सभी यूपी पुलिस भर्तियों में उसी पंजीकरण का उपयोग कर सकेंगे।
OTR के दौरान उम्मीदवार को अपना आधार, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने होंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
लगातार दूसरी बड़ी भर्ती निकलने से प्रदेश के लाखों युवाओं में खुशी की लहर है। लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है। खासकर ग्रामीण और मध्यम वर्ग के युवाओं के लिए यूपी पुलिस की नौकरी आज भी सबसे पसंदीदा सरकारी नौकरियों में शामिल है।
योगी सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि प्रदेश में रोजगार सृजन उसकी प्राथमिकता है। बीते वर्षों में यूपी पुलिस, शिक्षक भर्ती, स्वास्थ्य विभाग और अन्य सरकारी विभागों में लाखों पदों पर भर्तियां की गई हैं। नई सिपाही भर्ती को भी इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।