• Last Update
एसआईआर फार्म संशोधन के बहाने रची गई थी साजिश, 10 लाख की फिरौती मांगने की थी योजना, बोलेरो वाहन बरामद

अमेठी से किशोर का अपहरण कर बाराबंकी में बनाया बंधक, पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को किया गिरफ्तार

बाराबंकी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमेठी से किशोर का अपहरण कर उसे बाराबंकी में बंधक बनाने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। अपहरण की यह वारदात एसआईआर फार्म संशोधन के बहाने की गई थी। गिरफ्तार अभियुक्तों में नूरेन पुत्र सादिक अली, फैजल पुत्र फारुख अहमद और शिवम शुक्ला पुत्र स्वर्गीय घनश्याम शुक्ला शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी हैदरगढ़ पुलिस टीम द्वारा मैनुअल इंटेलीजेंस की मदद से की गई। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन संख्या UP 32 DG 0932 भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अपहरण की पूरी साजिश पहले से रची गई थी और इसका मास्टरमाइंड पीड़ित का पड़ोसी ही निकला।

इस संबंध में बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अमेठी जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे बेसन मजरे जैतपुर गांव निवासी कार्तिक पाण्डेय उर्फ हर्ष पाण्डेय (पुत्र राजेश पाण्डेय) का अपहरण किया गया था। एसपी ने बताया कि कार्तिक का पड़ोसी शिवम शुक्ला इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था। शिवम ने एसआईआर फार्म में संशोधन कराने के बहाने कार्तिक को अपने साथ बुलाया और फिर अपने सहयोगियों फैजल और नूरेन के साथ मिलकर उसे बोलेरो वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया।

अभियुक्त फैजल निवासी पूरे भट्ठा मजरे आजादपुर और नूरेन निवासी फरीदगढ़, थाना इन्हौना, जनपद अमेठी के रहने वाले हैं। तीनों आरोपियों ने मिलकर कार्तिक को हैदरगढ़ स्थित टोल प्लाजा के पास एक कमरे में बंधक बना लिया और उससे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई। आरोपियों का इरादा था कि फिरौती की रकम मिलने के बाद वे कार्तिक को छोड़ देंगे।

हालांकि, इस घटना में कार्तिक की सूझबूझ और साहस ने उसकी जान बचा ली। बंधक बने कार्तिक ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और मौके का फायदा उठाकर अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भाग निकला। बाहर निकलते ही उसने आसपास मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही इंटेलीजेंस विंग और स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई और तकनीकी व मैनुअल इंटेलीजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और अपहरण की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर फिरौती मांगने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। बाराबंकी पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित परिवार को राहत मिली है, बल्कि आम जनता में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।

You can share this news with others

सोमनाथ के पुनर्निर्माण का विरोध करने वाली ताकतें आज भी सक्रिय: प्रधानमंत्री मोदी

वॉशरूम में बेहोश हुए पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, दिल्ली AIIMS के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती